शहर के मुनीडीह क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गैस कटर सिलेंडर अचानक जोरदार धमाके के साथ विस्फोट हो गया। इस घटना की चपेट में आने से दो की मौत हो गई। जबकि, दो लोग बुरी तरह से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि विस्फोट के वक्त 8 से 10 लोग मौजूद थे। जैसे ही सिलेंडर फटा, उसकी गैस तेजी और भयावह तरीके से बाहर निकलने लगी, जिससे आसपास मौजूद लोगों की स्थिति गंभीर हो गई। चार लोग गैस की चपेट में आने से गंभीर रूप से प्रभावित हो गए। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) लाया गया,लेकिन डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मोहम्मद अब्राहिम और मोहम्मद इमामुद्दीन का इलाज जारी है।
मृतक संजय यादव के परिजनों ने बताया कि वह दोस्त के साथ काम करने जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात करीब 1 बजे वह अचानक घर पहुंचे और तेज सांस फूलने, खांसी और बेचैनी की शिकायत होने लगी। परिजनों के अनुसार वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। उनकी स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी, मुंह से झाग भी निकलने लगा, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें एसएनएमएमसीएच लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।