ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने महान पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। 92 वर्ष की आयु में आज उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में सांस ली।
आशा भोसले, जिन्हें भारतीय सिनेमा की महानतम आवाज़ों में से एक माना जाता है, अपने पीछे सात दशकों से अधिक का अद्भुत संगीत सफर छोड़ गई हैं। उन्होंने कई भाषाओं में हजारों गीत गाए, जो आज भी दुनियाभर के संगीत प्रेमियों के दिलों में बसे हुए हैं।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि महान गायिका आशा भोसले जी के निधन से मैं अत्यंत दुखी हूं। उनकी कालजयी आवाज़ केवल संगीत नहीं, बल्कि एक भावना थी, जिसने पीढ़ियों को परिभाषित किया। उनके जाने से जो खालीपन पैदा हुआ है, वह अपूरणीय है।
इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, प्रशंसकों और पूरे संगीत जगत के साथ हैं। मैं महाप्रभु श्री जगन्नाथ से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। ओम शांति।
वहीं नवीन पटनायक ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि महान बॉलीवुड पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन की खबर से गहरा दुख हुआ। उनकी मधुर आवाज़ ने पीढ़ियों को मंत्रमुग्ध किया और भारतीय संगीत में उनकी विरासत हमेशा याद रखी जाएगी। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।
आशा भोसले के निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। राजनीतिक नेताओं, संगीतकारों और प्रशंसकों द्वारा लगातार श्रद्धांजलि दी जा रही है। उनकी बहुमुखी आवाज़, जिसने अनगिनत यादगार गीतों को अमर बना दिया, भारत की सांस्कृतिक विरासत का एक अभिन्न हिस्सा रहेगी।