पहचान छुपाकर वृंदावन आश्रम में रह रहा था मधुकांत राणा

  • Feb 14, 2026
Khabar East:Choudwar-Jail-Escapee-Madhukant-Rana-Was-Living-In-Vrindavan-Ashram-As-Basu-Pandey-CP
भुवनेश्वर,14 फरवरीः

चौद्वार सर्किल जेल से नाटकीय ढंग से भागे दो अंडर ट्रायल कैदियों में से एक मधुकांत राणा, उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में बासु पांडे के नाम से नकली पहचान बनाकर रह रहा था। ट्विन सिटी पुलिस आयुक्त एस देवदत्त सिंह ने कमिश्नरेट पुलिस की एक स्पेशल टीम द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद यह जानकारी दी।

कमिश्नर ने बताया कि 24 वर्षीय आरोपी, जो बिहार के रामपुर का निवासी है, वृंदावन के एक आश्रम के गेस्ट हाउस में कर्मचारी के रूप में काम कर रहा था और पहचान छिपाने के लिए श्रद्धालुओं के बीच घुल-मिलकर रह रहा था।

राणा, राजेंद्र सिंह का बेटा, जाजपुर जिले के पानिकोइली थाना में दर्ज डकैती-सह-हत्या और अवैध हथियार मामले में पहले गिरफ्तार हुआ था। यह मामला एक ज्वेलरी दुकान लूटकांड से जुड़ा था जिसमें लोगों की जान गई थी। न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद उसे 1 फरवरी 2025 को जाजपुर रोड सब-जेल से स्थानांतरित कर चौद्वार जेल में रखा गया था, जहां से वह सह-आरोपी राजा साहनी के साथ फरार हो गया।

दोनों ने दुर्गा पूजा के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर जेल की दीवार फांद ली थी। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।

 उसके फऱार होने के बाद डीजीपी और भुवनेश्वर-कटक पुलिस आयुक्त की निगरानी में बहु-राज्यीय तलाशी अभियान चलाया गया। टीमें दिल्ली, नागालैंड, कर्नाटक सहित कई राज्यों में सुराग तलाशती रहीं। आरोपी बार-बार पहचान बदल रहा था, इलेक्ट्रॉनिक ट्रेल से बच रहा था और अनुमानित क्षेत्रों से दूर रह रहा था, जिससे कार्रवाई चुनौतीपूर्ण बनी रही।

लगातार तकनीकी व मानवीय खुफिया इनपुट, अंतरराज्यीय समन्वय और गुप्त निगरानी के बाद वृंदावन में उसकी मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली। इसके बाद क्षीरसागर नायक के नेतृत्व में 26 अधिकारियों की विशेष टीम ने स्थानीय कोतवाली थाना वृंदावन के साथ मिलकर ऑपरेशन चलाया। एक अंडरकवर दस्ते ने गेस्ट हाउस में ठहरकर निगरानी की। शक तब पुख्ता हुआ जब राणा खुद एक नकली मेहमान को कमरे तक छोड़ने गया।

 पूरी पुष्टि के बाद, यह सुनिश्चित कर लिया गया कि दूसरा फरार आरोपी वहां मौजूद नहीं है, तब 13 फरवरी 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मथुरा कोर्ट में पेश करने पर उसे कटक में पेशी के लिए ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब उसे शरण देने वालों की तलाश और फरार आरोपी राजा साहनी की गिरफ्तारी में जुट गई है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: