बंगाल चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की 284 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

  • Mar 29, 2026
Khabar East:Congress-Releases-First-List-of-284-Candidates-for-Bengal-Elections
कोलकाता,29 मार्चः

कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 284 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। कांग्रेस ने पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी को बहरामपुर से मैदान में उतारा है, जबकि पूर्व सांसद मौसम नूर मालतीपुर से चुनाव लड़ेंगी। दरअसल बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरण में मतदान कराए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। 4 मई को बंगाल चुनाव के नतीजे आएंगे।  कांग्रेस के प्रमुख उम्मीदवारों में बंगाल इकाई के पूर्व प्रमुख अधीर रंजन चौधरी को बहरामपुर से मैदान में उतारा गया है, जबकि टीएमसी की पूर्व सांसद मौसम नूर मालतीपुर से चुनाव लड़ेंगी। मौसम नूर हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुई हैं। इस लिस्ट में शामिल अन्य नामों में माधव राय (दार्जिलिंग), अब्दुल हन्नान (सुजापुर), सुष्मिता बिस्वास (दम दम), गौतम भट्टाचार्य (डायमंड हार्बर), सौविक मुखर्जी (आसनसोल दक्षिण) और प्रसेनजीत पुइतांडी (आसनसोल उत्तर) शामिल हैं।

 यह घोषणा पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की ओर से उम्मीदवारों के चयन पर विस्तृत चर्चा करने के एक दिन बाद की गई। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी, कांग्रेस के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। इसके अलावा CEC के सदस्य अंबिका सोनी, मधुसूदन मिस्त्री, सलमान खुर्शीद, टी.एस. सिंहदेव, के.जे. जॉर्ज, पी.एल. पुनिया और अमी याज्ञनिक भी उपस्थित थे, साथ ही पश्चिम बंगाल के लिए AICC प्रभारी गुलाम अहमद मीर भी मौजूद थे।

 मीर ने कहा कि कांग्रेस को चुनावों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। उन्होंने कहा कि हम पश्चिम बंगाल की सभी 294 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और कोई भी सीट खाली नहीं छोड़ेंगे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: