भद्रक जिले के तिहिड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरधापटना गांव में पारंपरिक ‘कुंभ बुड़ा’ अनुष्ठान के लिए लाए गए डीजे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो गुटों के बीच झड़प में 12 लोग घायल हो गए, जबकि तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, परिडासाही के लोगों ने मंगलवार को ‘कुंभ बुड़ा’ अनुष्ठान के लिए डीजे की व्यवस्था की थी। इस अनुष्ठान में पूजा के लिए मिट्टी के घड़ों में पानी भरा जाता है। हालांकि, पलेईसाही के ग्रामीणों ने कथित तौर पर डीजे को अपने इलाके से गुजरने पर आपत्ति जताई, जिससे गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
बुधवार को स्थिति तब और बिगड़ गई जब परिडा साही के युवक डीजे की धुन पर होली खेल रहे थे। इस दौरान पलेईसाही के लोगों ने फिर आपत्ति जताई, जिसके बाद अचानक हिंसा भड़क उठी। दोनों पक्षों के बीच कथित तौर पर हमला और जवाबी हमला हुआ।
झड़प में कुल 12 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को इलाज के लिए भद्रक जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। भद्रक पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तिहिड़ी थाना प्रभारी दो प्लाटून पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
गांव में फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात है और सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं, हालांकि इलाके में अब भी तनाव बना हुआ है।