बिहार विधानसभा के बजट सत्र में आज गृह विभाग के बजट पर चर्चा होगी। वहीं चर्चा के बाद सरकार का उत्तर होगा। विपक्ष की ओर से कानून व्यवस्था को लेकर लगातार सरकार को घेरने की कोशिश हो रही है। ऐसे में आज चर्चा के दौरान हंगामा हो सकता है। विधानसभा की कार्यवाही 27 फरवरी तक चलेगी। अब एक सप्ताह ही बजट सत्र बचा है लेकिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार सदन में अनुपस्थित रह रहे हैं। आज गृह विभाग के बजट पर चर्चा होगी देखना है कि इसमें तेजस्वी यादव शामिल होते हैं या नहीं। भोजन अवकाश के बाद दूसरे हाफ में विभागीय बजट पर चर्चा होगी। आज जिन विभागों के अनुदान मांग को लेकर प्रस्ताव लाया जाएगा उसमें गृह विभाग, कृषि विभाग, पीएचईडी, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, युवा रोजगार एवं कौशल विभाग विकास विभाग और आईटी विभाग शामिल है। इसमें से गृह विभाग के बजट पर चर्चा होगी और उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी जवाब देंगे।
कानून व्यवस्था पर विपक्ष की ओर से लगातार सरकार पर आरोप लगाए जाते रहे हैं ऐसे में आज इस मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा होने के भी आसार हैं। बिहार विधानसभा की कार्यवाही का आज 14वां दिन है। 11:00 बजे से प्रश्न काल से कार्यवाही की शुरुआत होगी। प्रश्न काल में ऊर्जा विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, पर्यटन विभाग, योजना एवं विकास विभाग, संसदीय कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग और विधि विभाग से संबंधित प्रश्न सदस्य पूछेंगे जिसका उत्तर संबंधित विभाग के मंत्री या प्रभारी मंत्री देंगे। उसके बाद शून्य काल और फिर ध्यानकर्षण भी होगा।