राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छह दिवसीय ओडिशा दौरे को लेकर व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं। भुवनेश्वर में पुख्ता इंतजामों के तहत पुलिस बल की 30 प्लाटून तैनात की गई हैं। इसके अलावा 4 डीसीपी रैंक के अधिकारी, 5 अतिरिक्त डीसीपी, 23 एसीपी, 33 निरीक्षक तथा 121 एसआई और एएसआई को सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति 2 फरवरी की शाम राजधानी भुवनेश्वर पहुंचेंगी और लोक भवन में रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन वह जाजपुर जाकर मां बिरजा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी, इसके बाद बालासोर पहुंचकर फकीर मोहन विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। शाम को उनका पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर दर्शन का कार्यक्रम है।
राष्ट्रपति मुर्मू विशेष वायुसेना हेलिकॉप्टर से पुरी के हेलीपैड पर उतरेंगी और वहां से सीधे लोक भवन जाकर रात्रि विश्राम करेंगी।
इसके बाद 4 फरवरी को उनके कार्यक्रम में स्वर्गद्वार पर अनुष्ठान तथा श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन शामिल हैं।
दौरे से पहले सुरक्षा अभ्यास के तहत दो हेलिकॉप्टरों ने हेलीपैड पर ट्रायल लैंडिंग की। पुरी के एसपी प्रतीक सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों की समीक्षा की। वायुसेना के अधिकारियों ने भी लैंडिंग अभ्यास के दौरान समन्वय किया ताकि सब कुछ सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
एसपी प्रतीक सिंह ने बताया कि हेलीपैड, लोक भवन, स्वर्गद्वार, श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर, उसके आसपास के क्षेत्र, बड़दांड और पूरे पुरी शहर को कवर करते हुए बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। यह व्यवस्था राष्ट्रपति के दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए की गई है।
उधर, बालेश्वर में भी तैयारियां जोरों पर हैं। विश्वविद्यालय परिसर में ट्रायल रन किए गए, जहां एक के बाद एक कई वायुसेना विमानों की लैंडिंग कराई गई।
जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों ने लगातार समन्वय अभ्यास कर तैयारियों की समीक्षा की। जिला कलेक्टर ने बताया कि राष्ट्रपति के एसओपी के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सख्ती से लागू की जा रही हैं और सुरक्षा उपायों की लगातार निगरानी की जा रही है।