बिहार के रोहतास में पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन लूट, हत्या और दुष्कर्म की वारदातें सामने आ रही हैं। ताजा मामला जिले के दरिगाव थाना क्षेत्र के दरीगांव इलाके का है, जहां बेखौफ अपराधियों ने बीती रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। दरीगांव थाने क्षेत्र में दीपू साह की गोली मारकर हत्या की गई है। प्रारंभिक अनुसंधान में यह बातें सामने आई है कि दो साल पूर्व 2024 में सरोज पासवान की चाकू गोद कर हत्या हुई थी। बताया जाता है कि दो साल पहले इसी इलाके में सरोज पासवान नामक युवक की चाकू गोद का हत्या हुई थी। उसी मामले में दीपू साह भी अभियुक्त था और कुछ दिन पहले इस मामले में जमानत पर छूटकर जेल से बाहर आया था। आशंका व्यक्त की जाती है कि पुरानी रंजिश में ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
पुलिस की मानें तो दीपू साह बड़की करपूर्वा के रहने वाले गंगा साह का पुत्र था। उसके घर के पास ही हत्या की जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही रोहतास के एसपी रौशन कुमार मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य इकट्ठा करने लगी है। इलाके में हत्या से सनसनी फैली है। वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का उद्भेदन किया जाएगा। हत्या में कई और लोगों की संलिप्तता की बात सामने आई है, जिनकी पुलिस पहचान करने में जुटी है।