मॉडलिंग के पेशे से जुड़ी एक युवती ने स्थानीय पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि दो पुरुषों ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि शिकायत के मुताबिक इन पुरुषों से मॉडल की मुलाकात सोशल मीडिया पर हुई थी और उन्होंने फिल्मों में भूमिका दिलाने का वादा कर कोलकाता में उसका यौन उत्पीड़न किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी ने कहा कि उसने दो लोगों पर फिल्मों में भूमिकाएं देने के बहाने बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। घटना कस्बा थाना क्षेत्र में हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपियों ने 2023 में सोशल मीडिया पर महिला से दोस्ती की थी। उन्होंने खुद को फिल्म निर्माता बताया और कहा कि उनके बॉलीवुड और कोलकाता फिल्म उद्योग से संबंध हैं। फिल्मों में भूमिकाएं दिलाने और मनोरंजन उद्योग के लोगों से मिलवाने का लालच दिया, लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि दोनों उसे कस्बा में कई जगहों पर ले गए जहां उन्होंने कई बार उसके साथ बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि जब मॉडल ने फिल्म उद्योग के लोगों से मिलने पर ज़ोर दिया, तो वे उससे कतराने लगे। इसके बाद मॉडल ने पुलिस से संपर्क किया।