ओडिशा विजिलेंस की टीम ने गुरुवार को आय से अधिक संपत्ति (डिसप्रोपोर्शनट एसेट्स) मामले में सिंचाई विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता (डैम सेफ्टी) राजेश चंद्र मोहंती को गिरफ्तार किया है। उन्हें आज कटक स्थित विशेष सतर्कता न्यायाधीश (स्पेशल विजिलेंस जज) की अदालत में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस विभाग के अनुसार, मोहंती से जुड़े कई ठिकानों पर की गई तलाशी के दौरान उनकी ज्ञात आय के स्रोतों की तुलना में अत्यधिक संपत्ति का पता चला। बरामद संपत्तियों में भुवनेश्वर में एक आलीशान बहुमंजिला भवन, लगभग 1.71 एकड़ भूमि पर बने करीब 4,000 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाले दो-मंजिला भवन सहित एक फार्महाउस, आठ प्लॉट, ₹1.81 करोड़ से अधिक की बैंक जमा राशि, ₹6.23 लाख नकद, 350 ग्राम सोने के आभूषण तथा दो चारपहिया वाहन सहित अन्य चल एवं अचल संपत्तियां शामिल हैं, जिनका वह संतोषजनक विवरण नहीं दे सके।
इस संबंध में कटक विजिलेंस पुलिस स्टेशन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 के तहत केस संख्या 15/2026 दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।