दैतारी-चंडीखोल हाईवे पर कैमरों से कटेगा चालान

  • Nov 28, 2026
Khabar East:Automatic-Cameras-To-Catch-Traffic-Violators-On-Daitari-Chandikhole-Highway-From-Dec-1
भुवनेश्वर,28 नवंबरः

ओडिशा राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) आगामी एक दिसंबर से दैतारी-चंडीखोल राष्ट्रीय राजमार्ग को अपने इंटेलिजेंट एनफोर्समेंट मैनेजमेंट सिस्टम (IEMS) के दायरे में लाने जा रहा है। इसके तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऑटोमैटिक ई-चालान जारी किए जाएंगे। वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना के निर्देश पर इस व्यवस्था को लागू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और बार-बार होने वाले यातायात नियमों के उल्लंघन पर रोक लगाना है। यह राजमार्ग जाजपुर और क्योंझर जिलों के कुछ हिस्सों से होकर गुजरता है।

आईआएमएस के तहत इस मार्ग पर अत्याधुनिक कैमरों की मदद से चार प्रमुख यातायात उल्लंघनों पर नजर रखी जाएगी। इनमें तेज रफ्तार से वाहन चलाना, दोपहिया वाहन पर तीन लोगों की सवारी, चालक या पीछे बैठे व्यक्ति का हेलमेट नहीं पहनना और गलत दिशा में वाहन चलाना शामिल है। कैमरे में नियमों का उल्लंघन दर्ज होते ही बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के ई-चालान जारी हो जाएगा।

 इस मार्ग पर निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाएगा। दोपहिया वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 60 किमी प्रति घंटा, कार और जीप के लिए 100 किमी प्रति घंटा तथा भारी वाहनों के लिए 80 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है।

 प्रत्येक ई-चालान के साथ फोटो या वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें वाहन का पंजीकरण नंबर, उल्लंघन की तारीख और समय, जीपीएस लोकेशन तथा वाहन की दर्ज की गई गति का विवरण भी होगा।

एसटीए के अनुसार, ओडिशा के कई अन्य मार्गों पर यह व्यवस्था पहले से ही लागू है। इनमें रामेश्वर-पानीकोइली (NH-16), भुवनेश्वर-पुरी (NH-316), पुरी-कोणार्क (NH-316A), कोणार्क-पिपिली (SH-13), कटक-पारादीप (SH-12), गिरिसोला-रामेश्वर (NH-16), पानीकोइली-लक्ष्मणनाथ (NH-16), बलांगीर-तुरकेला (SH-42), ब्रम्हपुर-तप्तपानी (NH-326 और SH-17), ब्रम्हपुर-भंजनगर (NH-59 और NH-157), संबलपुर-मंगुली (NH-55), बड़बिल-पानीकोइली (NH-20), संबलपुर-राउरकेला (SH-10) और सोहेला-नुआपड़ा (SH-03) शामिल हैं।

 वाणिज्य एवं परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाने की अपील की है।

 इसके अलावा, वाहन मालिकों को सलाह दी गई है कि वे परिवहन विभाग के पोर्टल पर अपना मोबाइल नंबर और पता अपडेट रखें, ताकि यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित सूचनाएं समय पर मिल सकें। विभाग ने जुर्माने का भुगतान करने या किसी शिकायत को दर्ज कराने के लिए केवल सरकार के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल का ही इस्तेमाल करने की चेतावनी दी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: