छत्तीसगढ़ में वर्ष 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अभी से संगठन को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी का लक्ष्य गांवों और शहरों के प्रत्येक बूथ पर युवा कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करना है। इस दिशा में अगले 25 दिनों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई गई है।
रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में 22 और 23 नवंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बीजेपी के मिशन 2028 में सोशल मीडिया को भी अहम स्थान दिया गया है। पार्टी युवा कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय करने की तैयारी में है। इसके तहत युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। पार्टी की रणनीति युवाओं के बीच डिजिटल माध्यमों से अपनी पहुंच बढ़ाने और संगठन की गतिविधियों को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। नेतृत्व का जोर है कि युवा मोर्चा केवल बैठकों और कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि लगातार बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन के विस्तार में भूमिका निभाए।इसके लिए मंडल से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने और युवाओं को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।