जमुई में नमाज के बाद मस्जिद के बाहर फायरिंग, चार घायल

  • Mar 02, 2026
Khabar East:Firing-outside-mosque-after-prayers-in-Jamui-four-injured
जमुई,02 मार्चः

जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के जखरा गांव में रविवार शाम नमाज के बाद उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मस्जिद से बाहर निकल रहे लोगों पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। शाम करीब सात बजे हुई इस वारदात में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान जखरा गांव निवासी मकसूद खान के पुत्र नुमान खान, मोफीज खान, रियाजकला खान के पुत्र अरबाज खान और अलीम खान के पुत्र अरमान खान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सभी को छाती, गर्दन और कंधे में गोली लगी है। इनमें नुमान खान की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

 परिजनों ने आरोप लगाया है कि गोलीबारी गांव के ही कुछ लोगों ने की है। घायल नुमान खान के पिता मकसूद खान ने बताया कि करीब छह माह पहले खेत में मवेशी चराने को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी और मामला थाने तक पहुंचा था। उसी विवाद को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। उनका कहना है कि इसी रंजिश में हमलावरों ने पहले से घात लगाकर मस्जिद के पास इंतजार किया और नमाज खत्म होने के बाद बाहर निकलते ही फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोलीबारी इतनी अचानक और तेज थी कि लोग संभल भी नहीं पाए। कई राउंड फायरिंग की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही टाउन थाना की पुलिस और सिकंदरा थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों से पूछताछ की और घटना की जानकारी जुटाई।

 एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: