पश्चिम बंगाल में मदरसों की साप्ताहिक छुट्टी को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य के सभी मान्यता प्राप्त मदरसों में साप्ताहिक अवकाश रविवार को ही रखना अनिवार्य होगा। शुक्रवार या किसी अन्य दिन छुट्टी रखने वाले मदरसों को अपनी व्यवस्था में बदलाव करना होगा। पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी नए निर्देश में सभी मान्यता प्राप्त मदरसों को वर्ष 2026 के शैक्षणिक कैलेंडर का पालन करने को कहा गया है। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य राज्य के सभी मदरसों में पढ़ाई और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए एक समान नियम लागू करना है।
पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा बोर्ड के उप सचिव की ओर से जारी आदेश में मदरसों के प्रमुखों को निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार काम करने को कहा गया है। निर्देश के मुताबिक, रविवार और सरकार या मदरसा बोर्ड की ओर से घोषित छुट्टियों को छोड़कर बाकी सभी दिनों में मदरसे खुले रखने होंगे। इसका मतलब है कि अब किसी भी मदरसे को अपनी मर्जी से शुक्रवार या सप्ताह के किसी दूसरे दिन नियमित साप्ताहिक अवकाश रखने की अनुमति नहीं होगी।
राज्य सरकार के इस निर्देश के बाद अब पश्चिम बंगाल के सभी मान्यता प्राप्त मदरसों में साप्ताहिक छुट्टी का दिन एक समान होगा। शिक्षा बोर्ड का जोर पढ़ाई के निर्धारित दिनों का बेहतर इस्तेमाल करने और प्रशासनिक कामकाज में एकरूपता लाने पर है। हालांकि, जिन मदरसों में पहले से रविवार को छुट्टी रहती थी, वहां व्यवस्था पहले जैसी ही रहेगी। वहीं, शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश रखने वाले मदरसों को अब अपना शेड्यूल बदलना होगा।