पूर्व मिदनापुर के नये डीएम बने निरंजन कुमार

  • Mar 26, 2026
Khabar East:Niranjan-Kumar-becomes-the-new-DM-of-Purba-Medinipur
कोलकाता,26 मार्चः

नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के 'गढ़' पूर्व मिदनापुर में चुनाव से ठीक पहले बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए चुनाव आयोग ने वर्तमान जिलाधिकारी यूनिस ऋषिन इस्माइल को हटा दिया है। उनकी जगह अनुभवी आईएएस अधिकारी निरंजन कुमार को नए जिलाधिकारी और जिला चुनाव अधिकारी के तौर पर तैनात किया गया है। निरंजन कुमार पहले एसआईआर पर रॉल ऑब्जर्वर के रूप में कार्यरत थे और अब उन्हें शुभेंदु अधिकारी के विधानसभा क्षेत्र में डीईओ बनाया गया है। चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार, पोलिंग ड्यूटी या वोटिंग कार्यों के लिए संविदा आधारित कर्मचारियों को डाटाबेस में शामिल नहीं किया जा सकता। आयोग के पास पूर्व मिदनापुर में इस नियम के उल्लंघन की शिकायत आई थी। जांच के बाद आयोग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को हटाने का फैसला लिया।

 चुनाव आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि 26 मार्च की सुबह 11 बजे तक निरंजन कुमार अपने पद का कार्यभार संभालें और रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही उच्चस्तरीय जांच का आदेश भी दिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नियम उल्लंघन के लिए कौन जिम्मेदार है। तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट आयोग को सौंपने को कहा गया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: