ओडिशा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान गुरुवार को सदन में जमकर हंगामा हुआ। प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही चलाना मुश्किल हो गया, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने सदन की कार्यवाही शाम 4 बजे तक स्थगित कर दी।
प्रश्नकाल शुरू होते ही बीजद (बीजेडी) और कांग्रेस के विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर विपक्षी सदस्य सदन के बीचोंबीच पहुंच गए और अपनी-अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
बीजद विधायकों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार बाढ़ प्रबंधन में विफल रही है। उन्होंने सरकार पर बाढ़ की स्थिति से उचित तरीके से नहीं निपटने का आरोप लगाते हुए इस मुद्दे पर सदन में तत्काल चर्चा कराने की मांग की। वहीं, कांग्रेस विधायकों ने कोटिया मुद्दे को लेकर सदन के भीतर विरोध प्रदर्शन किया।
विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने विपक्षी सदस्यों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देने के लिए सहयोग करने की अपील की। हालांकि, उनकी अपील का विपक्षी सदस्यों पर कोई असर नहीं हुआ। बीजद और कांग्रेस के विधायक अपनी-अपनी मांगों पर अड़े रहे और सदन में लगातार नारेबाजी करते रहे।
हंगामा जारी रहने और सदन में व्यवस्था बहाल नहीं होने पर विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही शाम 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।