ओडिशा में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से अब तक चिटफंड धोखाधड़ी के शिकार 2,39,461 जमाकर्ताओं को 93 करोड़ रुपये वापस किए गए हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को विधानसभा में यह जानकारी दी। बालेश्वर के विधायक मानस कुमार दत्ता के एक सवाल के लिखित जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि चिटफंड धोखाधड़ी के कारण आर्थिक नुकसान उठाने वाले वास्तविक निवेशकों की जमा राशि लौटाने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है। यह प्रक्रिया अभी जारी है।
रिफंड का विवरण देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि M/s गोल्डन लैंड ग्रुप ऑफ कंपनीज के छोटे जमाकर्ताओं को राशि लौटाने की योजना के तहत गंजाम जिले के 1,14,401 जमाकर्ताओं को 41,84,05,760 रुपये वापस किए गए हैं।
इसी तरह, खुर्दा जिले के 27,263 जमाकर्ताओं को 9,95,26,708 रुपये, नयागढ़ के 18,134 जमाकर्ताओं को 6,11,05,486 रुपये, पुरी के 14,003 जमाकर्ताओं को 4,92,32,420 रुपये और कटक के 6,088 जमाकर्ताओं को 2,02,72,717 रुपये लौटाए गए हैं।
कंधमाल जिले के 5,342 जमाकर्ताओं को 1,91,70,167 रुपये, जबकि गजपति के 6,264 जमाकर्ताओं को 2,39,00,663 रुपये वापस किए गए हैं। इसके अलावा अन्य जिलों में भी जमाकर्ताओं को राशि लौटाई गई है।
हाईटेक ग्रुप ऑफ कंपनीज के जमाकर्ताओं को राशि लौटाने की प्रक्रिया के तहत खुर्दा जिले के 296 लोगों को 2,55,37,640 रुपये वापस किए गए हैं। वहीं, पुरी के 66 जमाकर्ताओं को 53,23,330 रुपये, कटक के 55 जमाकर्ताओं को 37,81,075 रुपये और गंजाम के 43 जमाकर्ताओं को 39,02,350 रुपये लौटाए गए हैं।
इसी तरह, रोज वैली ग्रुप ऑफ कंपनीज के छोटे जमाकर्ताओं को रिफंड देने की प्रक्रिया के तहत बालेश्वर जिले के 2,396 जमाकर्ताओं को 85,63,540 रुपये और मयूरभंज के 749 जमाकर्ताओं को 25,00,084 रुपये वापस किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि जांच आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, बालेश्वर जिले के 4,314 वास्तविक छोटे जमाकर्ताओं को 2,95,74,102 रुपये और मयूरभंज के 3,653 जमाकर्ताओं को 1,62,90,496 रुपये वापस किए गए हैं।
माझी ने कहा कि शेष प्रभावित वास्तविक जमाकर्ताओं को संबंधित जिलों के कलेक्टरों के माध्यम से राशि लौटाने की प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा को यह भी बताया कि चिटफंड धोखाधड़ी से जुड़े मामलों की जांच अभी चल रही है। जांच पूरी नहीं होने के कारण राज्य में ऐसी धोखाधड़ी में शामिल सभी कंपनियों के नाम और कथित तौर पर अवैध तरीके से जुटाई गई कुल राशि का अभी पता नहीं चल पाया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, ओडिशा प्रोटेक्शन ऑफ इंटरेस्ट्स ऑफ डिपॉजिटर्स (इन फाइनेंशियल एस्टैब्लिशमेंट्स) एक्ट, 2011, ओपीआईडी नियम, 2013 और ओपीआईडी संशोधन अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के तहत सक्षम प्राधिकरण ने अवैध वित्तीय संस्थानों की चल और अचल संपत्तियों को कुर्क करने के 91 प्रस्तावों की जांच की है और अंतरिम कुर्की आदेश जारी किए हैं।
इनमें से 42 मामलों में नामित अदालतों ने सरकार के अंतरिम कुर्की आदेशों की पुष्टि कर दी है।
माझी ने कहा कि ओपीआईडी अधिनियम के तहत नामित अदालतों से अंतिम आदेश मिलने, वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी होने और संबंधित न्यायिक कार्यवाही समाप्त होने के बाद शेष राशि लौटाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि नामित अदालतों के आदेश के अनुसार, तीन अवैध वित्तीय संस्थानों की संपत्तियों की नीलामी और बैंक जमा राशि जब्त करने से प्राप्त धनराशि के जरिए वास्तविक प्रभावित जमाकर्ताओं को पैसा लौटाने की प्रक्रिया भी जारी है।
बालेश्वर जिले में M/s रोज वैली ग्रुप ऑफ कंपनीज के कुल 34,042 छोटे जमाकर्ताओं में से 25,004 को अब तक 9,18,60,604 रुपये वापस किए जा चुके हैं।
इसी तरह, M/s गोल्डन लैंड ग्रुप ऑफ कंपनीज के आठ छोटे जमाकर्ताओं में से सात को कुल 23,520 रुपये लौटाए गए हैं। वहीं, हाईटेक एस्टेट प्रमोटर प्राइवेट लिमिटेड के 69 जमाकर्ताओं में से 33 को 26,39,960 रुपये वापस किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जांच आयोग की ओर से अनुशंसित कुल 1,52,387 छोटे जमाकर्ताओं में से 29,002 को कॉर्पस फंड से 14,18,10,854 रुपये वापस किए गए हैं।
आयोग की ओर से अनुशंसित शेष पात्र निवेशकों को रिफंड की सुविधा देने के लिए सरकार मोबाइल एप या ऑनलाइन पोर्टल शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके माध्यम से जमाकर्ता अपने बैंक खाते का विवरण जमा कर सकेंगे।
माझी ने कहा कि प्रस्तावित सुविधा से उन छोटे जमाकर्ताओं को जल्द और आसानी से राशि लौटाने में मदद मिलेगी, जिन्हें अभी तक उनका पैसा नहीं मिला है।