विकास को लेकर झूठ बोल रही है रघुवर सरकारः शिबू सोरेन

  • Oct 09, 2019
Khabar East:Raghuvar-government-is-lying-about-development-Shibu-Soren
बोकारो,09 अक्टूबरः

झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन  काफी दिनों के बाद बुधवार को मीडिया के सामने आए। इस दौरान उन्होंने रघुवर सरकार पर जोरदार हमला बोला। पूर्व सीएम ने कहा कि सूबे में जो काम होना चाहिए, वह आज तक नहीं हो पाया है। झारखंड में कारखाना और खनिज संपदा होने के बावजूद यहां का विकास नहीं हो पाया है। यहां के बच्चों को पढ़ने का मौका नहीं मिल रहा है। जेएमएम सुप्रीमो ने कहा कि बीजेपी सरकार झूठ बोलकर जनता में भ्रम फैलाने का काम कर रही है। विकास का झूठा प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक जिंदा हैं, तब तक संघर्ष करते रहेंगे। बोकारो सीट पर हीरालाल गुप्ता को पार्टी उम्मीदवार बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यहां के लिए कई नाम सामने हैं। जीत-हार के समीकरण को देखते हुए प्रत्याशी तय किये जाएंगे। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जेएमएम का प्रचार अभियान जारी है। नेता प्रतिपक्ष व पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन बदलाव यात्रा के सिलसिले में पूरे राज्य में घुम रहे हैं और रघुवर सरकार की कमियां जनता को गिना रहे हैं। 19 अक्टूबर को यह यात्रा रांची में समाप्त होगी। उस दिन रांची में पार्टी बड़ी जनसभा करेगी। हालांकि विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी पार्टियों का महागठबंधन अब तक नहीं बन पाया है। जेएमएम-कांग्रेस में बातचीत का दौर जारी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: