जमीन विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या, निर्माणाधीन मकान में छिपाया शव

  • Jun 07, 2023
Khabar East:Son-killed-father-in-land-dispute-body-hid-in-under-construction-house
पलामू,07 जूनः

जमीन विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। हत्या करने बाद उसने शव को एक निर्माणाधीन मकान में छिपा दिया। यह मामला झारखंड के पलामू जिले का है जहां युवक अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने जमीन विवाद में अपने 70-वर्षीय पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव राजधानी रांची से करीब 200 किलोमीटर दूर छतरपुर-उदयगढ़ मार्ग के किनारे निर्माणाधीन मकान से बरामद किया गया। बुजुर्ग की पहचान नारायण यादव और आरोपी की पहचान बिंदेश्वर के रूप में हुई है। नारायण यादव के तीन बेटे हैं, जिनमें बिंदेश्वर सबसे छोटा है। मकान का निर्माण मृतक अपने बड़े बेटे के लिए करा रहा था।

 छतरपुर पुलिस थाने के प्रभारी शेखर कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया लगता है कि नारायण यादव नामक व्यक्ति की हत्या उसके बेटे बिंदेश्वर यादव ने रविवार रात को भूमि विवाद की वजह से कर दी। घटना के बाद से आरोपी बेटा फरार है। पुलिस ने बताया कि एक भूमि के टुकड़े और चार लेन की सड़क परियोजना की जद में आई जमीन के एवज में मिली मुआवजे की राशि को लेकर पिता और पुत्र के बीच विवाद था। तीन दिन पहले भी दोनों के बीच झड़प हुई थी। पुलिस ने मृतक के दो बड़े बेटों उदेश्वर यादव और राजेश्वर यादव की शिकायत पर बिंदेश्वर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: