लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन हो गया है। चार दिवसीय छठ के चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। तमाम छठ घाटों पर व्रती ने भगवान भास्कर की उपासना की। पटना समेत बिहार के सभी जिलों में धूमधाम से छठ मनाई गई। श्रद्धालु और छठ व्रती सुबह से ही भगवान भास्कर के उदय होने का इंतजार करते नजर आए। जैसे ही सूर्य की लालिमा आसमान में दिखाई दी, चारों तरफ छठी मइया के जयकारे और पारंपरिक गीत गूंज उठे। चार दिनों तक चलने वाली इस कठिन साधना के अंतिम दिन व्रतियों ने भगवान सूर्य को दूध और गंगाजल से अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास भी पूरा हो गया। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पारण किया और परिवार के सदस्यों तथा आसपास मौजूद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया। सोमवार की सुबह पटना की सड़कों पर आस्था का अलग ही नजारा देखने को मिला। तड़के ही लोग पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर पूजा का दउरा और हाथों में सूप लेकर घाटों की ओर निकल पड़े। गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
घाटों पर परिवार के साथ पहुंचे लोगों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक खासा उत्साह देखने को मिला। गंगा घाटों के अलावा जिला प्रशासन और पटना नगर निगम की ओर से शहर के 28 प्रमुख पार्कों और अलग-अलग मोहल्लों में स्थित तालाबों में भी अर्घ्य की व्यवस्था की गई थी। जिन श्रद्धालुओं के लिए गंगा घाट तक पहुंचना संभव नहीं था, उन्होंने अपने आसपास के पार्कों और तालाबों में ही भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।