ओडिशा में बड़ी एंटी-नक्सल सफलता पर अमित शाह ने की सराहना

  • Dec 25, 2025
Khabar East:Amit-Shah-Hails-Major-Anti-Naxal-Breakthrough-In-Odisha-Ganesh-Uike-Among-Six-Neutralised
भुवनेश्वर,25 दिसंबरः

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को ओडिशा में नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता की घोषणा करते हुए कहा कि सीपीआई (माओवादी) की केंद्रीय समिति के सदस्य गणेश उइके समेत छह नक्सलियों को कंधमाल जिले के जंगलों में एक बड़े सुरक्षा अभियान के दौरान ढेर कर दिया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्सपर एक पोस्ट में गृह मंत्री अमित शाह ने इस अभियान को भारत को वामपंथी उग्रवाद से मुक्त करने के केंद्र सरकार के मिशन की दिशा में एक अहम उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि ओडिशा के कंधमाल में एक बड़े ऑपरेशन में केंद्रीय समिति के सदस्य गणेश उइके सहित अब तक छह नक्सलियों को निष्क्रिय किया गया है। इस बड़ी सफलता के साथ ओडिशा नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होने की दहलीज पर खड़ा है। हम 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने के लिए संकल्पित हैं।

 राज्य में नक्सल विरोधी अभियानों की निगरानी कर रहे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गणेश उइके ओडिशा में प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) संगठन का प्रमुख था। उसके सिर पर 1.1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था, जिससे वह क्षेत्र के सबसे वांछित माओवादी नेताओं में शामिल था।

 यह मुठभेड़ कंधमाल जिले के चकपड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत घने जंगलों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई। शीर्ष माओवादी नेताओं की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने यह अभियान शुरू किया था।

 इस अभियान को ओडिशा पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे राज्य में माओवादी नेतृत्व संरचना को गंभीर झटका लगा है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: