मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष के ओडिशा के ऊर्जा क्षेत्र पर संभावित प्रभाव को लेकर एक आपात बैठक बुलाई है। यह बैठक आज शाम लोक सेवा भवन में आयोजित होगी, जिसमें सभी जिला कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। केंद्र सरकार द्वारा गैस और पेट्रोलियम आपूर्ति में संभावित बाधा को लेकर जारी अलर्ट के बाद ऊर्जा संकट से निपटने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में विभागीय प्रमुख भी शामिल होंगे और प्रत्येक जिले की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। आवश्यक वस्तुओं की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने, कालाबाजारी रोकने तथा संभावित तेल और ईंधन की कमी से निपटने के उपायों पर विचार किया जाएगा। इस संबंध में एक रोडमैप भी तैयार किया जाएगा।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों से ‘टीम इंडिया’ के रूप में मिलकर इस स्थिति के प्रभाव को कम करने के लिए काम करने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री माझी ने हाल ही में हुई चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री को ओडिशा की तैयारियों से अवगत कराया था। राज्य सरकार आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में स्थिरता बनाए रखने तथा कीमतों में वृद्धि और कालाबाजारी रोकने के लिए सक्रिय कदम उठा रही है।