भीषण गर्मी के दौरान संभावित बिजली कटौती की आशंकाओं के बीच ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को राज्यभर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का भरोसा दिया और बिना सूचना बिजली कटौती पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
खोर्धा जिले के बलियांता में तीन नए गैस इंसुलेटेड स्विचगियर (GIS) ग्रिड सबस्टेशनों और आठ महत्वपूर्ण ट्रांसमिशन लाइनों के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार गर्मी के मौसम में बिना किसी बिजली कट या लोड शेडिंग के निरंतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमने जनता को इसका आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि किसी अपरिहार्य कारण से यदि बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो उसे कुछ ही सेकंड में बहाल किया जाएगा। “बिना सूचना बिजली कटौती किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार के निर्देश पर बिजली कंपनियों ने पूरे गर्मी के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखी थी और राज्य में कहीं भी बिजली कटौती नहीं हुई थी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना वैध कारण या पूर्व सूचना के बिजली कटौती होती है, तो इसके लिए जिम्मेदार बिजली कंपनी के अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इसे दंडनीय अपराध माना जाएगा।
इस अवसर पर तीन अत्याधुनिक सबस्टेशनों का उद्घाटन किया गया — बलियांता में 220/132/33 केवी GIS, भुवनेश्वर के सत्यनगर में 132/33 केवी GIS तथा कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में 132/33 केवी GIS। लगभग ₹600 करोड़ की लागत से विकसित इन परियोजनाओं और आठ नई ट्रांसमिशन लाइनों से भुवनेश्वर, कटक और आसपास के क्षेत्रों के करीब 22 लाख उपभोक्ताओं को बेहतर और विश्वसनीय बिजली सेवा का लाभ मिलने की उम्मीद है।