सल्किया में फिर गूंजी गोलियों की आवाज, रेस्टोरेंट में फायरिंग से दहशत

  • Apr 01, 2026
Khabar East:Gunshots-Ring-Out-Again-in-Salkia-Firing-at-Restaurant-Sparks-Panic
हावड़ा,01 अप्रैलः

हावड़ा में एक बार फिर गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हावड़ा  के गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक रेस्टोरेंट के अंदर विवाद के बाद फायरिंग होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब 11 बजे सल्किया चौराहे के पास हुई, जहां उस समय भी काफी भीड़भाड़ थी। मिली जानकारी के अनुसार, राहुल पाल नाम का एक स्थानीय युवक अपने साथियों आकाश यादव और विक्की दोलुई के साथ रेस्टोरेंट में खाना खा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आकाश यादव रेस्टोरेंट से बाहर निकला और कथित तौर पर जेब से रिवॉल्वर निकालकर राहुल पाल पर फायरिंग कर दी। हालांकि गोली निशाने पर नहीं लगी और राहुल पाल बाल-बाल बच गया। लेकिन गोली चलने की आवाज से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। गोलाबाड़ी थाना पुलिस के साथ हावड़ा सिटी पुलिस की इंटेलिजेंस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आकाश यादव और विक्की दोलुई को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। पुलिस हथियार बरामद करने और रिवॉल्वर के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद या आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 हावड़ा में हाल के महीनों में गोलीबारी और हिंसा की घटनाएं बढ़ती दिखाई दे रही हैं। फरवरी 2026 में इसी गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र के पिलखाना इलाके में 27 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी शफीक खान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपियों हरून खान और रफाकत हुसैन उर्फ रोहित समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था, जिन्हें दिल्ली से पकड़ा गया था।

Author Image

Khabar East

  • Tags: