जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में जनसभा को संबोधित करने वाले थे, उसी दिन गिरीश पार्क इलाका रणक्षेत्र बन गया था। तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के आपसी संघर्ष की वजह से इलाके में तनाव फैल गया था। सिर्फ इतना ही नहीं राज्य की मंत्री शशि पांजा के घर पर भी पथराव किया गया जिसमें उनके घर की खिड़कियों के शीशे तक टूट गए थे। यह सब कुछ ऐसे समय में हुआ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता में मौजूद थे। कोलकाता पुलिस ने बताया है कि इस घटना में अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरीश पार्क की घटना को लेकर तृणमूल और भाजपा, दोनों पक्षों ने ही शनिवार की रात को थाना में अपनी शिकायत दर्ज करवायी है। भाजपा ने शशि पांजा के खिलाफ शिकायत दर्ज करवायी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कानून के मुताबिक ही कार्रवाई की जाएगी। बता दें, राज्य के दो प्रमुख पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच हुई इस झड़प में कानून-व्यवस्था को लागू करने और परिस्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को भी चोट आयी है।
बताया जाता है कि कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं जिसमें बऊबाजार थाना के ओसी बाप्पादित्य नष्कर भी शामिल हैं। इसके अलावा 8 अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोट आयी है जिनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इनमें से 6 लोगों को छोड़ दिया गया है और 2 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।