ओडिशा विधानसभा के मानसून सत्र से पहले मंगलवार को विधानसभा सम्मेलन कक्ष में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई।
ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में भाजपा, बीजद, कांग्रेस और माकपा सहित विभिन्न दलों के विधायकों ने भाग लिया।
बैठक में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, दोनों उपमुख्यमंत्री, सरकारी मुख्य सचेतक, संसदीय कार्य मंत्री, कानून मंत्री, विपक्षी दल की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक और कांग्रेस विधायक दल के नेता रामचंद्र कदम सहित प्रमुख नेता शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी सत्र के दौरान विधानसभा की कार्यवाही का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना था। बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष पाढ़ी ने सत्र के सुचारू संचालन के लिए सभी दलों के सदस्यों से सहयोग और समर्थन मांगा।
गौरतलब है कि विधानसभा का मानसून सत्र इस बार 18 सितंबर से शुरू हो रहा है जो 25 सितंबर को समाप्त होगा। इस सत्र में कुल सात कार्यदिवस होंगे।
बीजद विधायक दल की बैठक 17 सितंबर को शाम 5 बजे होगी। सभी दल इस महत्वपूर्ण सत्र के लिए तैयारियों में जुटे हैं।