राष्ट्रपति का आज झारखंड दौरा, हाई अलर्ट पर चार जिलों की पुलिस

  • Dec 28, 2025
Khabar East:The-President-is-visiting-Jharkhand-today-police-in-four-districts-are-on-high-alert
रांची,28 दिसंबरः

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर आज रांची आ रही हैं। उनके दौरे को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान जमशेदपुर और गुमला में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। उनके आगमन के मद्देनजर रांची में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रांची स्थित लोकभवन को सजाया और संवारा जा रहा है। रविवार को राष्ट्रपति गोवा से उड़ान भरेंगी। उनका विशेष विमान रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर आज शाम करीब 6 बजे लैंड करेगा। एयरपोर्ट पर स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर के बाद शाम करीब 6.30 बजे लोकभवन पहुंचेंगी। लोकभवन में डिनर के बाद रात्रि विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर रांची एयरपोर्ट से हीनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, हरमू चौक, सहजानंद चौक और किशोरगंज चौक होते हुए लोकभवन वाले रास्ते के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगा दी गई है।

 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर की सुबह करीब 9.30 बजे लोकभवन से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी और सीधे जमशेदपुर के लिए उड़ान भरेंगी। जमशेदपुर स्थित सोनारी एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद सड़क मार्ग से सुबह करीब 10.45 बजे करनडीह स्थित दिशोम जाहेर स्थान पहुंचकर पूजा अर्चना करेंगी। यहां पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण और संथाली भाषा की लिपि ओलचिकी के शताब्दी समारोह में शिरकत करेंगी। कार्यक्रम के दौरान ऑल इंडिया संथाली राइटर्स एसोसिएशन के चेयरमैन जिरेन जेवियर टोपनो स्वागत भाषण देंगे। इस दौरान राष्ट्रपति 12 लोगों को पुरस्कार देंगी। कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद करीब 12 बजे जमशेदपुर स्थिति सर्किट हाउस जाएंगी। यहां से करीब 2 बजे एनआईटी, जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शिरकत करने के लिए पहुंचेंगी। यहां एनआईटी के डायरेक्टर प्रो गौतम सूत्रधार स्वागत भाषण देंगे। छात्रों को सम्मानित करने के बाद राष्ट्रपति का संबोधन होगा। कार्यक्रम के समापन के बाद करीब 4.30 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी और लोकभवन के लिए प्रस्थान करेंगी।

 30 दिसंबर को रांची स्थित लोकभवन से सुबह करीब पौने दस बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से उनका विमान छत्तीसगढ़ के जसपुर में लैंड करेगा। वहां से सड़क मार्ग से करीब 20-25 किमी की दूरी तय कर गुमला में रायडीह के माझाटोली स्थित पंखराज साहेब कार्तिक उरांव चौक पहुंचेंगी। यहां स्व कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद अंतर्राज्यीय जनसंस्कृति समागम समारोह कार्तिक जतरा में शिरकत करेंगी। समारोह में कमेटी के चेयरमैन शिवशंकर उरांव स्वागत भाषण देंगे। यहां ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का भाषण होगा। अंत में करीब 12 बजे राष्ट्रपति का संबोधन होगा। कार्यक्रम के बाद जसपुर से उड़ान भरकर करीब 2.45 बजे रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचकर दिल्ली रवाना हो जाएंगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: