बिहार में आज थम जाएगा पहले चरण के प्रचार का शोर

  • Nov 04, 2025
Khabar East:The-noise-of-the-first-phase-of-campaigning-in-Bihar-will-end-today
पटना,04 नवंबरः

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 121 सीटों के लिए आज प्रचार का आखिरी दिन है। शाम पांच बजे के बाद चुनाव प्रचार थम जाएगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर होगा। विधानसभा चुनाव के शेड्यूल के मुाबिक 6 नवंबर को पहले चरण में मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर में वोटिंग होगी।

पहले चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान के लिए 45 हजार 341 बूथ बनाए गए हैं और 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी बूथों पर 5 नवंबर की शाम तक डिस्पैच सेंटर से ईवीएम, वीवीपैट और अन्य चुनाव सामग्री के साथ मतदानकर्मी और सुरक्षा दल पहुंच जाएंगे।

चुनाव आयोग ने पहले चरण की 6 विधानसभा सीटों के मतदान के समय में एक घंटे की कमी की है। अब इन 6 सीटों के 2135 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। इनमें सिमरी बख्तियारपुर के 410 बूथ; महिषी के 361 बूथ; तारापुर के 412 बूथ; मुंगेर के 404 बूथ; जमालपुर के 492 बूथ और सूर्यगढ़ा के 56 बूथ शामिल हैं।

 यह फैसला इन इलाकों की संवेदनशीलता, प्रखंड मुख्यालय से दूरी और स्थानीय प्रशासन के सुझाव के आधार पर लिया गया है। बाकी 115 विधानसभा सीटों के 43 हजार 206 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: