जिले के आरएस थाना क्षेत्र के मटियारी वार्ड संख्या एक में आपसी विवाद को लेकर एक पक्ष के 14 लोगों पर दूसरे पक्ष के लोगों ने तेजाब से हमला कर दिया है। जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। पीड़ित पक्ष की तरफ से अररिया आरएस थाना में मामले में 13 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ आवेदन दिया गया है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि मटियारी गांव वार्ड संख्या 1 में गांव के ही सुरेंद्र साह का बेटा कुछ अन्य युवकों के साथ रंजीत यादव नाम के व्यक्ति के घर में बैठकर स्मैक का सेवन कर रहा था, तभी रंजीत वहां पहुंचा और मौजूद युवक को समझाया। इसके बाद वो अपने घर लौट आये।
ग्रामीणों के मुताबिक, ये बात नशाबाज युवकों को नागंवारा गुजरी। जिससे एक नशाबाज युवक ने रंजीत यादव के भांजे की साइकिल को तोड़ दिया। वहीं, जब ग्रामीणों को जानकारी मिली तो वो भी घटनास्थल पर पहुंचे। इसी बीच नशाबाज युवकों ने कमरे के दरवाजे को बंद कर दिया।
लोगों ने बताया कि, इसके बाद सुरेंद्र साह के पुत्र महेश साह और महिला सहित अन्य लोगों ने वहां मौजूद लोगों पर तेजाब फेंक दिया। जिसमें 1 दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। जिसमें से 7 लोगों की हालत नाजुक है। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी का उपचार हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुशील कुमार, नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार और आरएस थानाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। घटना देर रात की बताई जा रही है। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
तेजाब कांड में झुलसे सात लोगों में से चार लोगों की आंख में एसिड पड़ा है। घायलों की पहचान पंकज यादव उम्र 27 साल, प्रेमसागर उम्र 17 साल, कुमोद कुमार उम्र 38 साल, चंचला देवी उम्र 32 साल, सिंटू कुमार यादव उम्र 28 साल के रूप में हुई है।