बिहार सिपाही पेपर लीक का मुख्य आरोपी राज किशोर गिरफ्तार

  • Aug 16, 2025
Khabar East:Bihar-constable-paper-leak-main-accused-Raj-Kishore-arrested
पटना,16 अगस्तः

बिहार सिपाही बहाली पेपर लीक के आरोपी राज किशोर को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने अरवल से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। राज किशोर पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। ये कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार 2023 में आयोजित हुई सिपाही भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में राज किशोर मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था। इस मामले में पुलिस ने पहले ही कई लोगों को गिरफ्तार किया था, लेकिन राज किशोर तब से फरार चल रहा था। उस समय से ही ईओयू और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। आर्थिक अपराध इकाई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि गिरफ्तार राज किशोर के पास से बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है। जिसमें सिपाही भर्ती और STET समेत अन्य कई प्रतियोगी परीक्षाओं के एडमिट कार्ड, रोल नंबर, मोबाइल फोन, लैपटॉप, पेन ड्राइव और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं। बरामद डिवाइसों में कई परीक्षाओं से संबंधित अहम डेटा और दस्तावेज मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।

 इतना ही नहीं जांच के दौरान आरोपी के बैंक खातों में रखे डेढ़ करोड़ रुपए भी फ्रीज कर दिए गए हैं। यह राशि कथित तौर पर पेपर लीक और अन्य अवैध गतिविधियों से अर्जित की गई बताई जा रही है। आरोपी के वित्तीय लेन-देन की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

Author Image

Khabar East

  • Tags: