महाराजगंज में स्वच्छता का संदेश, एसडीएम ने अधिकारियों संग किया श्रमदान

  • Feb 16, 2026
Khabar East:Message-of-cleanliness-in-Maharajganj-SDM-did-voluntary-work-with-the-officials
सीवान,16 फरवरीः

जिले के महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्वेश्य से सोमवार को महाराजगंज शहर में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। एसडीएम अनीता सिन्हा अपने तमाम अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सड़क पर उतरीं और स्वयं झाड़ू लगाकर तथा कूड़ा उठाकर स्वच्छता का प्रेरक संदेश दिया। शहर मुख्यालय के राजेंद्र चौक, मोहन बाजार, शहीद स्मारक सहित विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर व्यापक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान आमजनों से अपने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी स्वच्छ रखने की अपील की गई। अभियान में नगर पंचायत के अधिकारी तथा अनुमंडल के कई कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे। सभी ने मिलकर सड़क पर फैले कूड़ा-कचरे को हटाया और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। मौके पर एसडीएम अनीता सिन्हा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।

 उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने घरों में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखें और नगर परिषद की कचरा संग्रहण गाड़ी में भी उसे पृथक रूप से डालें, ताकि कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण हो सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर ही स्वस्थ समाज की पहचान है। प्रशासन की इस पहल से लोगों में सकारात्मक संदेश गया और कई स्थानीय नागरिक भी अभियान से जुड़कर सफाई कार्य में सहयोग करते नजर आए।

Author Image

Khabar East

  • Tags: