झारखंड विधानसभा के बाहर भाजपा विधायकों का विरोध प्रदर्शन

  • Nov 25, 2026
Khabar East:Protest-by-BJP-MLAs-outside-the-Jharkhand-Legislative-Assembly
रांची,25 नवंबरः

झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले ही दिन बुधवार को सियासी पारा चढ़ा रहा। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही मुख्य द्वार पर भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए विपक्षी विधायकों ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यह पूरा प्रदर्शन झारखंड लोक सेवा आयोग यानी जेपीएससी और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग यानी जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और लंबित नियुक्तियों के मुद्दे पर केंद्रित रहा। प्रदर्शन कर रहे भाजपा विधायकों के अनुसार, राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन से लेकर परिणाम जारी करने तक की प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है। विपक्षी दल का कहना है कि नियुक्तियों में हो रही देरी के कारण लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका है, जिससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है।

 भाजपा विधायकों ने मांग की है कि जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं से जुड़े लंबित मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और खाली पड़े पदों पर जल्द से जल्द पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां पूरी की जाएं। विधानसभा परिसर के बाहर शुरू हुआ यह विरोध सदन के भीतर भी जारी रहा। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने आक्रामक रुख अपनाते हुए युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की।

 दूसरी ओर, सत्तापक्ष और सरकार का लगातार यह कहना रहा है कि राज्य में नियुक्ति प्रक्रिया को नियमानुसार और पारदर्शी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है, और विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने के लिए आयोग स्तर पर काम तेजी से जारी है। "फिलहाल, विशेष सत्र के पहले दिन युवाओं और रोजगार का मुद्दा पूरी तरह छाया रहा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: