पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी खींचतान का असर अब विधानसभा तक पहुंच गया है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बसु के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसमें ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता और अखरुज्जमान को मुख्य सचेतक के रूप में मान्यता दी गई थी। अदालत ने विधानसभा अध्यक्ष को अगले 10 दिनों के भीतर नए सिरे से फैसला लेने का निर्देश दिया है। शुक्रवार को न्यायमूर्ति कृष्णा राव की पीठ ने इस मामले में अपना फैसला सुनाया। इस फैसले के बाद विधानसभा में विपक्ष के नेता के पद को लेकर एक बार फिर अनिश्चितता पैदा हो गई है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि अगले 10 दिनों तक विधानसभा में विपक्ष का नेता नहीं रहेगा या इस दौरान कोई दूसरी व्यवस्था लागू होगी।
विधानसभा अध्यक्ष के इस फैसले के खिलाफ ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस गुट ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। इस गुट ने ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता और अखरुज्जमान को मुख्य सचेतक बनाए जाने के फैसले पर आपत्ति जताई थी। याचिका में विधानसभा अध्यक्ष के निर्णय को चुनौती देते हुए नियुक्ति की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए थे। इसी मामले में सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने दोनों नियुक्तियों को रद्द करने का फैसला सुनाया।