चुनाव से पहले सर्वे पर घमासान, भाजपा बोली-अफवाह फैला रही टीएमसी

  • Apr 13, 2026
Khabar East:Uproar-over-Pre-Election-Surveys-BJP-Alleges-TMC-is-Spreading-Rumors
कोलकाता,13 अप्रैलः

भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह विधानसभा चुनाव से पहले मीडिया में झूठी और मनगढ़ंत जानकारी फैलाने की कोशिश कर रही है। भाजपा के नाम पर काल्पनिक आंतरिक सर्वे का हवाला देकर टीएमसी भ्रामक खबरें प्लांट कर रही है, ताकि राजनीतिक माहौल को प्रभावित किया जा सके। भाजपा ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में साफ किया कि पार्टी ने ऐसा कोई आंतरिक सर्वे नहीं कराया है। पार्टी का आरोप है कि आगामी चुनावों को लेकर बढ़ती घबराहट के कारण टीएमसी इस तरह की गलत जानकारी फैला रही है। भाजपा के बयान में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी का कोई ऐसा आंतरिक सर्वे नहीं है। पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिल रहा जबरदस्त जनसमर्थन टीएमसी को परेशान कर रहा है, इसलिए वह असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की झूठी कहानियां फैला रही है।

  पार्टी ने यह भी कहा कि इस बार का चुनाव केवल राजनीतिक दलों के बीच नहीं, बल्कि राज्य की जनता और 'अन्यायपूर्ण टीएमसी शासन' के बीच है। भाजपा ने भरोसा जताया कि वह पूर्ण बहुमत हासिल कर अगली सरकार बनाएगी। इस बयान को भाजपा के आईटी सेल प्रमुख और बंगाल के केंद्रीय पर्यवेक्षक अमित मालवीय ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया। एक राज्य समिति सदस्य ने बताया कि पिछले कुछ समय से मीडिया में लगातार ऐसे 'काल्पनिक सर्वे' की खबरें सामने आ रही थीं, इसलिए पार्टी ने सोमवार को इस पर आधिकारिक सफाई देना जरूरी समझा।

 पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को बाकी 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: