बीजू जनता दल के उम्मीदवार संतृप्त मिश्रा और डॉ. दत्तेश्वर होता ने ओडिशा से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। डॉ. होता को पार्टी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के समर्थन के साथ साझा उम्मीदवार के रूप में उतारा है।
संतृप्त मिश्रा और डॉ. दत्तेश्वर होता ने राज्य विधानसभा में नवीन पटनायक और ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष भकत् चरण दास की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया।
मिश्रा तीसरी सीट के लिए चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि डॉ. होता चौथी सीट के लिए साझा उम्मीदवार हैं। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन यह नामांकन दाखिल किया गया।
नामांकन के दौरान एक दुर्लभ दृश्य देखने को मिला, जब बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक और पीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास एक साथ बैठे नजर आए। आम तौर पर अलग-अलग दलों से होने और कई मुद्दों पर तीखी बयानबाजी के बावजूद दोनों नेताओं के बीच यह एकजुटता का दुर्लभ दृश्य था।
नामांकन दाखिल करने के बाद नवीन पटनायक ने मीडिया से कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि बीजद के दो उम्मीदवार—संतृप्त मिश्रा और डॉ. दत्तेश्वर होता—ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। मैं दोनों को बधाई देता हूं।