राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर बीजेडी ने छह बागी विधायकों को किया निलंबित

  • Mar 21, 2026
Khabar East:BJD-Suspends-Six-Rebel-MLAs-For-Cross-Voting-In-Rajya-Sabha-Polls
भुवनेश्वर,21 मार्चः

बीजू जनता दल (बीजेडी) ने हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग सहित दल-विरोधी गतिविधियों में शामिल छह विधायकों को पार्टी से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक ने राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की सिफारिश पर यह कार्रवाई की।

 बीजेडी अध्यक्ष द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया कि पार्टी के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस, विधायकों से प्राप्त जवाबों की समीक्षा, बीजेडी अनुशासन समिति द्वारा परीक्षण तथा राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) के निर्णय के आधार पर इन विधायकों को पार्टी संविधान के मूल सिद्धांतसामूहिक निर्णयों के प्रति पूर्ण निष्ठाका उल्लंघन करने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।

 निलंबित किए गए विधायक हैं चक्रमणि कन्हार (बालिगुड़ा), नव किशोर मलिक (जयदेव), सौविक बिस्वाल (चौद्वार-कटक), सुभाषिनी जेना (बस्ता), रमाकांत भोई (तिरतोल) और देवी रंजन त्रिपाठी (बांकी)।

 इन सभी विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में बीजेडी-कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार डॉ. दत्तेश्वर होता के बजाय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के पक्ष में मतदान किया था।

 पार्टी की इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेडी की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने कहा कि पार्टी इन विधायकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी करेगी। उन्होंने कहा कि हम इन विधायकों की अयोग्यता (डिस्क्वालिफिकेशन) के लिए विधानसभा अध्यक्ष को भी पत्र लिखेंगे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: