ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले में मंगलवार को मगरमच्छ के हमले में 64 वर्षीय एक महिला घायल हो गई। घटना उस समय हुई, जब वह अपने गांव के पास शासनपेटा जोरी नदी पार कर रही थी।
घायल महिला की पहचान महाकालपड़ा ब्लॉक के लंजुड़ा ग्राम पंचायत अंतर्गत नरसिंहपुर गांव की गीतारानी जाना के रूप में हुई है। मगरमच्छ के हमले में उनके बाएं पैर में गहरे जख्म आए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गीतारानी अपने धान के खेत का निरीक्षण करने के लिए नदी पार कर रही थीं। इसी दौरान अचानक एक मगरमच्छ ने उनका बायां पैर पकड़ लिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद उनके पति तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने लाठी से मगरमच्छ पर हमला किया, जिसके बाद मगरमच्छ ने महिला का पैर छोड़ दिया और पानी में भाग गया।
घायल महिला को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें केंद्रापड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनके घायल पैर में 15 टांके लगाए हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद भितरकनिका के आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। इस इलाके में मगरमच्छों के हमले की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने और उन नदियों, जलमार्गों तथा खेतों के पास जाने से बचने की सलाह दी है, जहां मगरमच्छों की मौजूदगी रहती है।
ताजा हमले के बाद ग्रामीणों ने पीड़ित महिला को मुआवजा देने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग से प्रभावी बचाव उपाय करने की मांग की है।