जिले के धुर्वा स्थित बिजली सब स्टेशन में एक कारतूस के साथ लिफाफा मिलने के बाद सनसनी फैल गई। लिफाफा के ऊपर उग्रवादी संगठन का नाम लिखा हुआ है। जबकि लिफाफे के अंदर सिर्फ एक व्यक्ति का नाम लिखा हुआ है। रांची के धुर्वा थाना स्थित बिजली सब स्टेशन में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कारतूस के साथ बंधा लिफाफा मिला। 315 गोली को एक धागे के जरिए लिफाफे में बांध दिया गया था। लिफाफा के ऊपर उग्रवादी संगठन पीएलएफआई काले अक्षरों में लिखा हुआ था। जबकि लाल अक्षर में लाल सलाम और जरूरी सूचना लिखा हुआ था। बिजली विभाग के कर्मचारी जैसे ही कार्यालय पहुंचे उनके बीच हड़कंप मच गया। इसके बाद जानकारी धुर्वा पुलिस को दी गई। मामले की जानकारी हासिल होने के बाद धुर्वा थाना प्रभारी खुद मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल करने के बाद लिफाफा को जब्त कर अपने साथ ले गए।
लिफाफा पानी की वजह से भींग गया था, इसलिए उसे तुरंत नहीं खोला जा सका। सूखने के बाद जब बंद लिफाफे को खोला गया तो उसमें मात्र एक व्यक्ति का नाम लिखा हुआ मिला। जिस व्यक्ति का नाम लिफाफे के अंदर लिखा गया है, वह पास के ही रहने वाला है। थाने के द्वारा उस व्यक्ति को पूछताछ के लिए बुलाया गया। हालांकि उसने इन सब में अपनी भूमिका से साफ इंकार किया है।
हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि बंद लिफाफा और कारतूस मिलना किसी व्यक्ति विशेष के द्वारा आपसी दुश्मनी को साधने का मामला नजर आ रहा है। जांच में लिफाफा के अंदर कोई भी धमकी या किसी तरह की कोई बात नहीं लिखी गई है। हालांकि फिर भी पुलिस अलर्ट है और मामले की जांच कर रही है। बिजली बिल के विवाद या फिर किसी अन्य तरह के विवाद को लेकर भी जांच की जा रही है।