राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने जस्टिस शत्रुघ्न पुजाहारी को ओडिशा मानवाधिकार आयोग (ओएचआरसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
गुरुवार को विधि विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जस्टिस पुजाहारी के पदभार ग्रहण करने की तिथि से यह नियुक्ति प्रभावी होगी।
न्यायमूर्ति पुजाहारी ने फरवरी 2003 में ब्रह्मपुर (गंजाम) में द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में अपने न्यायिक करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कोरापुट (जैपुर), गंजाम (ब्रह्मपुर), पुरी और कटक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
उन्होंने ओडिशा सेल्स टैक्स ट्रिब्यूनल के अध्यक्ष, कटक स्थित ओडिशा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव तथा विधि विभाग के प्रधान सचिव के रूप में भी सेवाएं दीं।
न्यायमूर्ति पुजाहारी को नवंबर 2013 में ओडिशा हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और अक्टूबर 2014 में वे स्थायी न्यायाधीश बने। नवंबर 2017 में उनका तबादला मद्रास उच्च न्यायालय में किया गया था। बाद में उन्हें पुनः ओडिशा हाईकोर्ट में प्रतिनियुक्त किया गया, जहां उन्होंने 19 नवंबर 2018 को दोबारा कार्यभार संभाला।