अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राज्यपाल ने राजभवन में किया योगाभ्यास

  • Jun 21, 2025
Khabar East:On-International-Yoga-Day-the-Governor-practiced-yoga-at-Raj-Bhavan
रांची,21 जूनः

'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' पर पूरा विश्व, योग के रंग से सराबोर है। भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने साल 2015 में 'योग' को मान्यता दी थी। तब से हर साल 21 जून को 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' के रूप में मनाया जाता है। 11 वर्षों के इस सफर में योग से जुड़ने वालों का कारवां बढ़ता जा रहा है। इस कड़ी में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने राजभवन के अधिकारियों और कर्मियों के साथ योगाभ्यास किया। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट साझा कर योग दिवस की सबको शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। राजभवन के बिरसा मंडप में राज्यपाल संतोष गंगवार ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इसमें स्कूली बच्चों को भी आमंत्रित किया गया। राज्यपाल ने कहा कि योग भारत की ओर से सम्पूर्ण विश्व को दिया गया एक अनुपम उपहार है। यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के सामंजस्य का विज्ञान है। योग जीवन को संतुलित करने की कला है और इसके अभ्यास से हम स्वस्थ शरीर, शांत चित्त और ऊर्जावान जीवन की ओर अग्रसर होते हैं।

 राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली और 21 जून को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी। यह भारत की सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने योगाभ्यास में शामिल स्कूली बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि योग बच्चों और युवाओं के लिए केवल स्वास्थ्य का नहीं, बल्कि एकाग्रता, आत्मबल और अनुशासन का भी माध्यम है। उन्होंने राज्यवासियों से हर दिन योगाभ्यास करने और इसका प्रचार-प्रसार कर उन लोगों को प्रेरित करने का आह्वान किया है, जो अब तक इससे अछूते हैं।

 इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कहा कि प्रकृति के साथ एकात्मता, संयम और सहजता, यही हमारी संस्कृति है और यही योग का वास्तविक स्वरूप भी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: