31 मार्च को बिहार दौरे पर आ रही हैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

  • Mar 28, 2026
Khabar East:President-Droupadi-Murmu-is-visiting-Bihar-on-March-31
नालंदा,28 मार्चः

प्रसिद्ध नालंदा विश्वविद्यालय 31 मार्च 2026 को अपने राजगीर स्थित स्थायी परिसर में दूसरे दीक्षांत समारोह का आयोजन करने जा रहा है। इस गरिमामय समारोह में भारत की राष्ट्रपति एवं नालंदा विश्वविद्यालय की विजिटर, द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगी। यह विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी, क्योंकि यह नव उद्घाटित स्थायी परिसर में आयोजित होने वाला पहला दीक्षांत समारोह होगा। इस परिसर का उद्घाटन जून 2024 में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। विश्वविद्यालय के पुनरुद्धार के बाद यह केवल दूसरा दीक्षांत समारोह है, इससे पूर्व पहला समारोह वर्ष 2016 में आयोजित हुआ था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह राजगीर तथा नालंदा विश्वविद्यालय का राष्ट्रपति के रूप में प्रथम दौरा होगा। समारोह के दौरान वे दीक्षांत भाषण देंगी, उपाधियों को प्रदान करेंगी। मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। वे विश्वविद्यालय के नवनिर्मित 2000 सीटों वाले सभागार 'विश्वमित्रालय' का उद्घाटन भी करेंगी।

 पोस्ट-ग्रेजुएट और डॉक्टरेट प्रोग्राम के सभी स्नातकों को व्यक्तिगत रूप से अपनी डिग्री प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया गया है। ये छात्र अलग-अलग देशों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिनमें अर्जेंटीना, वियतनाम, भूटान, इंडोनेशिया, केन्या, लाओस, म्यांमार, सर्बिया, घाना, थाईलैंड, नेपाल, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे शामिल हैं। इस दीक्षांत समारोह में 10 पीएचडी तथा 36 गोल्ड मैडल प्रदान किए जाएंगे, जो विश्वविद्यालय की बढ़ती वैश्विक शैक्षणिक प्रतिष्ठा को दर्शाते हैं।

 इसी क्रम में, दीक्षांत समारोह में आने वाले सभी एल्युमिनाई को समर्पित, 'मंजिरी' नामक विशेष पत्रिका का भी विमोचन किया जाएगा जिसे नालंदा विश्वविद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों द्वारा संकल्पित, रूपांकित एवं विकसित किया गया है। इस पत्रिका में विश्वविद्यालय के प्रथम बैच से अब तक के एल्युमिनाई की यात्राओं, अनुभवों और उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: