नीतीश कैबिनेट की बैठक में 22 एजेंडों पर मुहर लगी है। कैबिनेट में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए है। कैबिनेट में बिहार सरकार की महिला सरकारी कर्मचारियों को उनके पदस्थापना स्थल के निकट अब क्वार्टर की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही बिहार खेल लिपिकीय संवर्ग बहलल भर्ती एवं सेवा शर्तें नियमावली 2025 को स्वीकृति दी गई है। वहीं बिहार अधीनस्थ खेल संवर्ग भर्ती एवं सेवा शर्तें नियमावली 2025 को स्वीकृति मिली है। बिहार खेल सेवा संवर्ग भर्ती एवं सेवा शर्तें नियमावली 2025 को मंजूरी मिल गई है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान पीएम जनमन के तहत राज्य के अनुसूचित जनजाति कोटि के विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह, असुर, बिरहोर ,बिरजिया, हिलखरिया, कोरवा, मालपहाड़िया, परहईया, सौरि पहाड़िया एवं सावर जनजाति के योग्य परिवारों के आवास की कमी दूर करने के लिए प्राथमिकता के तौर पर आवास का लाभ देने का फैसला किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दो लाख रुपये चार बराबर किस्तों में देने का फैसला हुआ है, राशि सीधे बैंक खाते में उपलब्ध करायी जाएगी।
स्पोर्ट्स इंजरी की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल राजवंशी नगर पटना में 20 शैय्या का एक स्पोर्ट्स इंजरी इकाई स्थापित करने का फैसला, इसके लिए 36 नए पदों का सृजन किया जाएगा। खगड़िया सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आशीष कुमार को अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के आरोप में सेवा से बर्खास्त करने का फैसला लिया गया।
इसके अलावा बिहार जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रीकरण नियमावली 1999 में संशोधन करते हुए बिहार जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रीकरण नियमावली 2025 बनाने का निर्णय हुआ है। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के अंतर्गत बिहार गव्य संवर्ग भर्ती संशोधन नियमावली 2025 को स्वीकृति दी गई। समाज कल्याण विभाग अंतर्गत समेकित बाल विकास सेवाएं अंतर्गत बिहार बाल विकास लिपिकीय संवर्ग संशोधन नियमावली 2025 की स्वीकृति और बिहार नगर पालिका क्षेत्र विज्ञापन नियमावली 2025 को स्वीकृत किया गया है।