नीतीश कुमार आज दिल्ली जाएंगे, कल राज्यसभा सदस्य के रूप में लेंगे शपथ

  • Apr 09, 2026
Khabar East:Nitish-Kumar-will-go-to-Delhi-today-and-take-the-oath-as-a-Rajya-Sabha-member-tomorrow
पटना,09 अप्रैलः

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को दिल्ली रवाना होंगे, जहां वे 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इसके बाद उनकी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की संभावना है, जिसमें बिहार की भावी राजनीतिक दिशा और नई सरकार के गठन को लेकर अहम चर्चा हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, अगले दो दिनों तक बिहार की राजनीति का केंद्र दिल्ली रहने वाला है। शुक्रवार को नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के साथ ही भाजपा कोर ग्रुप की बैठक भी दिल्ली में प्रस्तावित है। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ साथ बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा तथा वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक में राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर लगभग सहमति बन सकती है।

 जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इस्तीफे के तुरंत बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधानमंडल दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चयन कर बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाई जाएगी। जदयू के वरिष्ठ नेता और संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को पुष्टि की कि मुख्यमंत्री नौ अप्रैल को दिल्ली रवाना होंगे और 11 अप्रैल तक उनके पटना लौटने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यह नीतीश कुमार का व्यक्तिगत और राजनीतिक निर्णय है और राजग के सभी घटक दल इसका सम्मान करते हैं।

 चौधरी ने कहा कि भाजपा बड़ी पार्टी है, इसलिए नेतृत्व की भूमिका उसी के पास रहती है और निर्णय भी सामूहिक रूप से लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजग पूरी तरह एकजुट है और आगे की रणनीति मिलकर तय की जाएगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: