ओडिशा के कई हिस्सों में रविवार को शीतलहर का प्रकोप देखने को मिला, जहां तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। यह जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दी है।
कंधमाल जिले के जी. उदयगिरि में सबसे कम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोरापुट जिले के सेमिलिगुड़ा में 5.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि कंधमाल के फुलबानी और दारिंगबाड़ी में क्रमशः 5.8 डिग्री और 6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राज्य की राजधानी भुवनेश्वर और पड़ोसी शहर कटक में तापमान क्रमशः 14 डिग्री और 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले एक सप्ताह तक ओडिशा के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।
सोमवार को सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और कंधमाल जिलों में तड़के सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि कलाहांडी जिले में हल्का से मध्यम कोहरा पड़ सकता है।
लोगों को ठंड से बचाव और सड़कों पर कम दृश्यता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।