ओडिशा सरकार ने कटक जिला कलेक्टर अरिंदम डाकुआ को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी का निजी सचिव नियुक्त किया है। इसी तरह, सरकार ने जगतसिंहपुर जिला कलेक्टर अनुपम शाह को मुख्यमंत्री का अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की तरफ से ट्वीट कर यह जानकारी दी है।
ट्वीट पोस्ट में कहा गया है कि कटक जिला कलेक्टर श्री अरिंदम डाकुआ को मुख्यमंत्री का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। इसी तरह, जगतसिंहपुर जिला कलेक्टर अनुपम शाह को मुख्यमंत्री का अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
इस बीच, विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने बुधवार को हाल ही में गठित भाजपा के नेतृत्व वाली ओडिशा सरकार के विभिन्न विभागों के प्रदर्शन पर नजर रखने के लिए 50 निर्वाचित सदस्यों का एक समूह बनाया है। बीजद ने एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए अपने निर्वाचित सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए राज्य विधानसभा चुनावों में बीजद ने 147 में से 51 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा ने 78 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था। 18वीं लोकसभा के चुनावों में भी बीजद को बड़ा झटका लगा था, वह 21 में से एक भी सीट हासिल नहीं कर पाई थी, जबकि भाजपा ने 20 सीटें जीती थीं और कांग्रेस एक सीट जीतने में सफल रही थी।