बिहार के अररिया जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम ने पोखर बस्ती, वार्ड संख्या 15 स्थित अंसारी चौक में मो. इमरान पुत्र मो. साबिर के घर और गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान लगभग 250 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जो अवैध रूप से जमाखोरी और कालाबाजारी के लिए संग्रहित थे। जिला प्रशासन को मिली गुप्त सूचना में बताया गया था कि फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र में कुछ लोग घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं। मौजूदा समय में गैस सिलेंडरों की किल्लत और मध्य पूर्व संकट के कारण बाजार में कालाबाजारी बढ़ गई है, जहां सामान्य मूल्य वाले सिलेंडर को दोगुने-तिगुने दाम पर बेचा जा रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीओ अभय कुमार तिवारी ने पुलिस टीम के साथ मिलकर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मो. इमरान के आवास और संलग्न गोदाम से कुल करीब 250 भरे हुए घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए। जांच में पाया गया कि ये सिलेंडर आम उपभोक्ताओं तक पहुंचने के बजाय कालाबाजारी के उद्देश्य से अनधिकृत भंडारण में रखे गए थे। टीम ने मौके पर ही सभी सिलेंडरों को कब्जे में ले लिया और उन्हें फारबिसगंज थाना पहुंचाया गया है।
इस कार्रवाई से कालाबाजारी में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू रसोई गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन ने प्रेस रिलीज जारी कर इस बरामदगी की पुष्टि की है और आम जनता को आश्वस्त किया है कि जिले में घरेलू तथा व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है।