धनबाद में युवक की हत्या के बाद शव के साथ सड़क जाम

  • May 19, 2026
Khabar East:After-the-murder-of-a-youth-in-Dhanbad-the-road-was-blocked-with-the-body
धनबाद,19 मईः

सदर थाना क्षेत्र स्थित हीरापुर-चिरागोड़ा श्मशान रोड के समीप मैदान में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान चिरागोड़ा निवासी 42 वर्षीय राजेश चंद्रवंशी के रूप में हुई है। उनका घर घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित है। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को लेकर रणधीर वर्मा चौक पहुंचकर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। मृतक के भाई ने बताया कि राजेश हीरापुर हटिया में मोबाइल की दुकान चलाते थे। रविवार रात उनकी मोबाइल पर बातचीत हुई थी, लेकिन इसके बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने रातभर खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।परिजनों का आरोप है कि स्थानीय दुकानदारों ने बताया था कि एक व्यक्ति दुकान पर पहुंचकर राजेश को जान से मारने की धमकी देकर गया था।

 इस सूचना के बाद वे धनबाद थाना पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने सुबह 8 बजे आने को कहा। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर सक्रिय होती तो शायद राजेश की जान बचाई जा सकती थी।इधर, घटना की सूचना मिलने पर धनबाद विधायक राज सिन्हा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर एसएसपी से बात की गई है। यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, हत्या मामले में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने कहा कि धनबाद थाना में रात्रि में तैनात ओडी पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उसके खिलाफ सस्पेंशन की कार्रवाई की प्रकिया चल रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: