चक्रवात मोंथा के प्रभाव से झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट

  • Oct 27, 2025
Khabar East:Alert-of-heavy-rain-in-Jharkhand-due-to-the-impact-of-Cyclone-Montha
रांची,27 अक्टूबरः

दक्षिण पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना दवाब क्षेत्र वाला एक सिस्टम पश्चिम उत्तर पश्चिम की ओर लगातार बढ़ रहा है। 28 अक्टूबर की शाम या रात तक काकीनाडा के पास समुद्रतट से टकराएगा और भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाने की पूरी उम्मीद है। इस चक्रवातीय तूफान का नाम मोंथा दिया गया है, जो थाईलैंड का दिया हुआ नाम है। इस चक्रवातीय तूफान मोंथा का असर झारखंड के ऊपर भी दिखेगा। 28 से 31अक्टूबर तक भारी बारिश का अलर्ट रांची स्थित मौसम केंद्र ने मोंथा के प्रभाव से राज्य में 28 अक्टूबर से 31अक्टूबर तक अलग अलग जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ साथ मौसम केंद्र ने 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक राज्य भर में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके, मेघगर्जन और वज्रपात का भी येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम केंद्र के वरीय मौसम पूर्वानुमान वैज्ञानिक सतीश चंद्र मंडल ने बताया कि चक्रवातीय तूफान मोंथा में तब्दील होने वाले सिस्टम का असर झारखंड पर बीते शनिवार से ही दिखने लगा है। इस सिस्टम के प्रभाव से अभी भी झारखंड के ऊपर आंशिक बादल दिख रहे हैं। कल 27 अक्टूबर को भी राज्य में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। 28 अक्टूबर को राज्य के कुछ इलाकों में और 29-30 और 31अक्टूबर को भी कई जिलों में बारिश होने तथा कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

मौसम केंद्र के वरीय मौसम वैज्ञानिक सतीश चंद्र मंडल ने बताया कि 28 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी पश्चिमी जिलों में, 29 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी-उत्तर पूर्वी जिलों में 30 अक्टूबर को राज्य के उत्तर पूर्वी भाग वाले जिलों और उत्तर पूर्वी एवं मध्य भाग वाले जिलों में कहीं कहीं भारी वर्षा की संभावना देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: