झारखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने ली करवट

  • Apr 25, 2026
Khabar East:Amidst-the-scorching-heat-in-Jharkhand-the-weather-takes-a-turn
रांची,25 अप्रैलः

झारखंड में मौसम ने करवट ली है। शनिवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। रांची स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।शनिवार के लिए खासतौर पर अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में गरज के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका है। वही मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, खूंटी, गुमला, कोडरमा और धनबाद में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।

 आने वाले दिनों की बात करें तो 26 से 28 अप्रैल के बीच मौसम और ज्यादा सक्रिय रहेगा। राज्य के कई हिस्सों में लगातार बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। 26 और 27 अप्रैल को कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। 29 और 30 अप्रैल को भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर जारी रह सकता है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी और अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ सकता है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: