सीएम नीतीश ने पटना में पहले डबल डेकर फ्लाईओवर का किया लोकार्पण

  • Jun 11, 2025
Khabar East:CM-Nitish-inaugurated-the-first-double-decker-flyover-in-Patna
पटना,11 जूनः

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को 422 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अशोक राजपथ पर कारगिल चौक (गांधी मैदान) से साइंस कॉलेज वाया पीएमसीएच डबल डेकर फ्लाईओवर का कारगिल चौक के पास आयोजित कार्यक्रम स्थल पर फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर लोकार्पण किया। फ्लाईओवर के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने कारगिल चौक से साइंस कॉलेज और साइंस कॉलेज से कारगिल चौक तक डबल डेकर फ्लाईओवर का निरीक्षण किया इस दौरान मुख्यमंत्री ने डबल डेक फ्लाईओवर पर रूककर पीएमसीएच से इसके कनेक्टिविटी के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह डबल डेक फ्लाईओवर बहुत अच्छा बना है। इस पथ के निर्माण से अशोक राजपथ में जाम की समस्या से निजात मिलेगी और यातायात व्यवस्था सुगम होगी। उल्लेखनीय है कि डबल डेक फ्लाईओवर का कार्य प्रारम्भ जनवरी, 2022 में हुआ था, जिसका निर्माण पूर्ण हो गया है इस पथ का निर्माण अशोक राजपथ के ऊपर दो लेयर (डेक) में किया गया है, जो गांधी मैदान के पास कारगिल चौक से प्रारम्भ होकर पीएमसीएच होते हुए साइंस कॉलेज तक जाता है।

 एलिवेटेड कॉरिडोर के ऊपरी डेक (टीयर-II) की लम्बाई 2175.50 मीटर है जो गांधी मैदान से साइंस कॉलेज तक जाता है। ऊपरी डेक (टीयर-II) गांधी मैदान से साइंस कॉलेज की तरफ जानेवाले यातायात के लिए है। नीचे के डेक (टीयर-1) की लम्बाई 1449.30 मीटर है जो पटना कॉलेज से गांधी मैदान की तरफ बीएन कॉलेज मेन गेट तक आता है। नीचे के डेक (टीयर-1) पटना कॉलेज से गांधी मैदान की तरफ जाने वाले यातायात के लिए है। डबल डेक पथ से पीएमसीएच को संबद्धता प्रदान करने हेतु (टीयर-1) एवं (टीयर-II) दोनों तलों से प्रावधान किया गया है। इस पथ के डेक की चौड़ाई 8.5 मीटर है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: